कुरुक्षेत्र(वि. )। सैनी पब्लिक स्कूल में बुधवार को ब्रह्मकुमारी संस्था की सिस्टर मधु और सिस्टर नेहा की ओर से एक विशेष मेडिटेशन सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को मानसिक शांति, आत्म-संयम और सकारात्मक विचारों के महत्व से अवगत कराना रहा। सत्र के दौरान सिस्टर मधु और नेहा ने छात्रों को मेडिटेशन की विधियां सिखाईं और बताया कि हमारे विचार ही हमारे व्यवहार और जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने सकारात्मक और नकारात्मक सोच के प्रभावों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मेडिटेशन की विभिन्न विधियों को गंभीरता से सीखा।स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गुरचरण दास ने इस अवसर पर कहा कि मेडिटेशन को यदि हम अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो यह मानसिक संतुलन, आत्म-विश्वास और ऊर्जा का स्रोत बन सकता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन कुछ समय मेडिटेशन के लिए अवश्य निकालें। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्मकुमारी संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।