करनाल। घरौंडा की वार्ड नंबर-7 स्थित अग्रसेन कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। चोरी की पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में दो युवक बाइक पर सवार होकर गली में पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद एक युवक पैदल लौटकर आता है और बाइक का हैंडल लॉक नहीं होने का फायदा उठाकर उसे उठाकर ले जाता है। बाइक मालिक लख्खा ने बताया कि बाइक पंकज चलाता था और शिकायत भी पंकज के नाम से दी गई है। पंकज रोजाना बाइक को गली में ही खड़ा करता था। 22-23 अगस्त की रात भी बाइक वहीं खड़ी की गई थी, लेकिन सुबह वह मौके पर नहीं मिली। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें रात करीब तीन बजे दो युवक बाइक को ले जाते दिखे। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास जारी है। ब्यूरो