गांव सिंघडा में बुधवार दिन-दिहाड़े 5 अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दो मजदूरों से गन प्वाइंट पर एक बाइक लूट ली और फरार हो गए। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ऋषिपाल व सीआईए असंध उप निरीक्षक रामफल ने घटनास्थल का जायजा लिया। सीआईए असंध उप निरीक्षक रामफल ने बताया कि निसिंग निवासी संदीप और दलीप कुचपुरा एक गोदाम में मजदूरी करते हैं, जो करीब डेढ़ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जब सिंघडा रोड पर गुरुद्वारा के पास पहुंचे पीछे से दो बाइकों पर सवार 5 नकाबपोश बदमाशों ने गन दिखाकर बाइक रोकने का इशारा किया। डर के चलते जब उन्होंने बाइक रोकी तो गन प्वाइंट पर बाइक छीन ली और सिंघडा की ओर भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ऋषिपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।