- पोती के स्कूल में आई थी महिला, बाहर निकलते ही हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-6 स्थित टैगोर स्कूल के बाहर एक बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाशों ने महिला से पर्स छीन लिया। पर्स में 22 हजार रुपये नकदी, मोबाइल, सोने की बालियां व डेढ़ तोले की सोने की चेन थी। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
शिव कॉलोनी निवासी वीना ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ अपनी पोती के स्कूल में अभिभावकों की बैठक में आई थी। स्कूल में बैठक के बाद जब वह बाहर निकले और कार की तरफ बढ़े तो पीछे एक काले रंग की बुलेट बाइक पर दो बदमाश आए। पहले उन्होंने कार हटाने के लिए हॉर्न बजाया। जब बेटा कार को साइड करने लगा तो आरोपी मौके का फायदा उठाकर उसके हाथ से पर्स छीन कर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने बताया कि जैसे ही बदमाशों ने हाथ से पर्स छीना वह चिल्लाई। इस पर लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन बदमाश भागने में कामयाब हो गए।
घर पर लगे थे मिस्त्री, इसलिए लेकर आई थी पैसे
पीड़ित महिला ने बताया कि उसके बेटों को ऑफिस जाना था और रास्ते में ही मिस्त्री को पैसे भी देने थे। इसलिए वह घर से 22 हजार रुपये नकदी अपने साथ बैग में डालकर ले आई। बैग में ही घर की चाबियां व अन्य सामान था।
पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
रामफल, थाना प्रभारी, सेक्टर-32-33।