संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। जीटी रोड पर हर्बल पार्क के पास मोटरसाइकिल सवार के साथ मारपीट कर उससे मोटरसाइकिल व मोबाइल छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घायल सरकारी अस्पताल घरौंडा में उपचार करवाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोदीपुर करनाल निवासी रिंकू ने घरौंडा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कोहंड गांव में मजदूरी कर रहा है। वह 30 जुलाई को रात करीब 10 बजे कोहंड जा रहा था। इसी बीच उसे घरौंडा में कोई काम था तो वह हर्बल पार्क जीटी रोड घरौंडा के पास पहुंचा तो फायर ब्रिगेड के पास अपने दोस्त को फोन करने लगा। उसी दौरान उसके पीछे से एक व्यक्ति आया और उसने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
आरोपी ने किसी भारी चीज से उसके सिर पर वार किया। इससे वह नीचे गिर गया। इसी बीच आरोपी उसके हाथ से मोबाइल और उसकी मोटरसाइकिल छीनकर पानीपत की तरफ फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसके मोबाइल के कवर में पांच हजार रुपये भी रखे हुए थे। उसके बाद वह घरौंडा के सरकारी अस्पताल में पहुंचा और अपना इलाज कराने के बाद पुलिस को सूचना दी।