सोमवार को विकास कार्यों एंव बजट को लेकर नगरपालिका की बैठक हुई। जिसमें नपा चेयरमैन रेखा कबीरपंथी, उप-चेयरमैन पंकज गोयल एवं सचिव बलबीर रोहिल्ला चर्चा की शुरूआत कर ही रहे थे कि मौजूद पार्षद तरजीत पहलवान, ओमप्रकाश मल्होत्रा, आत्मप्रकाश आनंद, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र बंसल एवं सुरेंद्र खुराना ने नगरपालिका प्रशासन पर विकास कार्यों में अनदेखी के आरोप लगाए। पार्षदों ने कहा कि जब पिछली दो बार हुई बैठक में पास किए गए विकास पर आज तक मुहर नहीं लगी तो आज की बैठक का क्या फायदा। पार्षद प्रेम प्रधान, पार्षद मुकेश कुमार, मुकेश, पूजा रानी एवं रेखा रानी ने कहा कि वह इस बैठक का विरोध करते हैं, क्योंकि उनकी सुनवाई नहीं होती। पार्षदों ने नगरपालिका परिसर में ही हाथ खड़े करके रोष जाहिर किया। नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी विरेंद्र बंसल ने एक अधिकारी को फटकार लगाते कहा कि वह स्वयं किसी छोटे से काम के लिए संबंधित अधिकारी को कई महीनों से फोन कर रहे हैं, लेकिन आज तक वह छोटा सा काम नहीं हो पाया। ऐेसे में भला नगरपालिका प्रशासन जनता का क्या भला करेगा। सभी पार्षदों एवं प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में अनदेखी के आरोप लगाते हुए शुरू होने से पहले ही बैठक को खत्म कर दिया और विरोध भी जताया। इस अवसर पर शहर के सभी पार्षद मौजूद थे।