संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। बाल पबाना गांव स्थित कैनरा बैंक के एटीएम बूथ का रात को शटर उखाड़ कर रुपये चोरी करने का प्रयास किया गया। एटीएम में रुपये सुरक्षित हैं। चोरों की एटीएम के साथ की गई छेड़छाड़ से मशीन खराब हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बैंक मैनेजर का कहना है कि एटीएम में रुपये सुरक्षित हैं। बता दें कि पबाना हसनपुर गांव के बस अड्डे पर कैनरा बैंक है। बैंक के साथ ही एटीएम का अलग से बूथ है। रात को चोरों ने उस बूथ का शटर उखाड़ दिया और एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे रुपये नहीं निकाल पाए और न ही एटीएम उखाड़ पाए। हालांकि चोरों ने एटीएम को खराब कर दिया है। जब सुबह बैंक कर्मी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस जांच कर रही है।
रात को नहीं था सुरक्षा कर्मी
बाल पबाना गांव के कैनरा बैंक में रात को कोई सुरक्षा कर्मी नहीं था, इसलिए चोरों ने एटीएम में सेंध लगाने का प्रयास किया। हालांकि बैंक में सुबह सुरक्षा कर्मी तैनात रहता है, लेकिन रात को नहीं।
वर्जन -
बाल पबाना गांव के कैनरा बैंक के एटीएम बूथ का शटर उखाड़ने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द चोरों का पता लगा लिया जाएगा।
राजेश कुमार, थाना प्रभारी मूनक