- नगर निगम ने शुरू की तैयारी, 2.36 करोड़ से आठ प्रमुख नालों की होगी सफाई, तीन नए बनेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पिछले दिनों हुई एक दिन की बारिश में शहर की कई कॉलोनियों में पानी जमा हो गया था। ऐसे में मानसून सीजन में बारिश से जलभराव न हो, इसके लिए नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई अभियान चलाकर कराई जाएगी। इसमें आठ प्रमुख बड़े नाले शामिल हैं। इसके अलावा तीन कॉलोनियों में नए नालों का निर्माण होगा। करीब 2.36 करोड़ की लागत से होने वाले इन कार्यों को लेकर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
विदित हो कि पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान लाइनपार क्षेत्र की करीब 15 कॉलोनियों के अलावा हाईवे पार की 10 कॉलोनियों और गांवों में जलभराव की समस्या ज्यादा हुई थी। सीवरेज लाइनें चोक हो गईं थी। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से सफाई के लिए विशेष योजना बनाई गई है। शहर के सबसे प्रमुख बाजार कुंजपुरा रोड मार्केट के सीवरेज लाइन की सफाई का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा जिन जगहों पर अभी सफाई होनी है, इनमें लाइन पार क्षेत्र, शहर के प्रमुख नाले, हाईवे के साथ लगते नाले, ग्रीन बेल्ट और मुगल कैनाल शामिल हैं। वहीं दयाल सिंह कॉलोनी, हांसी चौक, रमेश नगर व पुराना शहर के वार्ड-15 में नए आरसीसी नाले बनाए जाएंगे। टेंडर लगा दिए गए हैं, इसी माह के अंत तक कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इन नालों की होगी सफाई
- 20.91 लाख रुपये से रामनगर से मीरा घाटी तक के नाले की सफाई होगी।
- 06.14 लाख रुपये से रामनगर में काछवा रोड से कैथल रोड पुल तक के नाले की सफाई होगी।
- 20.54 लाख रुपये से करनाल शहरी क्षेत्र के सभी नालों की सफाई होगी।
- 18.75 लाख रुपये से नेशनल हाईवे-44 के साथ लगते नाले की सफाई होगी।
- 18.58 लाख रुपये से ग्रीन बेल्ट और घंटाघर चौक से मुगल कैनाल तक नाले की सफाई होगी।
- 24.23 लाख रुपये से मुगल यानी कर्ण कैनाल की सफाई होगी।
यहां होगा नव निर्माण
- 52.35 लाख रुपये से दयाल सिंह कॉलोनी में नाला और पीवीसी पाइपलाइन डाली जाएगी।
- 44.96 लाख रुपये से हांसी रोड से खेड़ा चौक (कुम्हारों वाली गली) पुराना रमेश नगर में आरसीसी नाले का निर्माण होगा।
- 29.77 लाख रुपये से वार्ड-15 में कुम्हारों कुआं चौक से जुंडला गेट से सुभाष गेट तक जाने वाली सड़क पर नाले और कंकरीट सड़क का निर्माण होगा।
मानसून में शहर की सीवरेज लाइन चोक न हो, इसलिए सफाई कराई जाएगी। इसे लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई होगी। इसी माह के अंत तक काम शुरू होने की उम्मीद है।
- अभिषेक मीणा, आयुक्त, नगर निगम