पानीपत। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जेवलिन थ्रो मुकाबले में नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीतकर अपने चाहने वालों का दिल तो जीता, वहीं भारतीय सेना को भी गौरवान्वित होने का एक और मौका दिया।
इस उपलब्धि पर भारतीय सेना ने सूबेदार नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। सेना ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नीरज की कुछ फोटो अपलोड कर उनकी इस उपलब्धि का जबरदस्त प्रचार किया है। इन फोटो में यह दिखाया है कि नीरज चोपड़ा ने किस तरह वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और उसके बाद उत्साह का कैसा माहौल रहा। इतना ही नहीं सेना ने नीरज द्वारा फेंके गए भालों का 45 सेकंड का वीडियो भी अपलोड किया है। जिसमें नीरज द्वारा ओलंपिक समेत अब तक फेंके गए ऐतिहासिक भालों के पलों को साझा किया है। सोशल मीडिया पर सेना के इस मैसेज के बाद नीरज को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सैन्य अधिकारी और जवान समेत नीरज को चाहने वाले काफी संख्या में लोग नीरज की इस उपलब्धि पर नाज करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। वे लोग नीरज से यह भी मांग कर रहे हैं कि वह शीघ्र ही भाला फेंक इवेंट में अपना खुद का रिकॉर्ड तोड़ कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाए।
उधर, सेवानिवृत्त मेजर जनरल सी. प्रकाश के अनुसार नीरज के चाहने वालों की यह अपेक्षा निसंदेह नीरज को नया इतिहास रचने के लिए प्रेरित करेगी और उनकी यह उपलब्धि सेना और देशवासियों सबके लिए गर्व का विषय है। इसलिए सेना ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नीरज की इस उपलब्धि को प्रचारित किया है।