माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय ने नए सत्र में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। निदेशालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में आवेदकों के पास एक माह का समय है। वे 31 अगस्त तक ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन कर सकते हैं। वहीं एमबीए, एमसीए व बीएड पार्ट वन के पाठ्यक्रम में 16 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं।
निदेशालय के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने कहा कि दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय पिछले 37 वर्षों से देशभर के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने में पूर्ण निष्ठा से प्रयासरत है, जो विद्यार्थी किसी कारणवश नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ है याजो अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाने के इच्छुक है। निदेशालय के सहायक कुलसचिव सतीश शर्मा ने बताया कि निदेशालय ने नए सत्र के लिए दाखिले के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
विद्यार्थी बीकॉम तीन वर्षीय, एमए हिंदी, एमए अंग्रेजी, एमए संस्कृत, एमए राजनीति शास्त्र, एमए पंजाबी, एमए दर्शनशास्त्र, एमए लोक प्रशासन, एमए इतिहास, एमए अर्थशास्त्र, एमएससी गणित, एमएससी भूगोल, एमकॉम, सर्टिफिकेट कोर्स इन कंप्यूटर, बीसीए, पीजीडीसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस में आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा एमसीए, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एक्सपोर्ट मैनेजमेंट, पीजी डिप्लोमा इन टैक्सेशन, पीजी डिप्लोमा इन बिजनेस एनालिटिक्स, एमबीए, एमबीए (एचएम), डिलिब, बीलिब, एमलिब, पीजीडीजेएमसी, एमए जनंसचार, बीएड, एमए एजुकेशन, एलएलएम, पीजी डिप्लोमा इन साइबर लॉ एंड आईपीआर, पीजीडीईई, एमए पर्यावरण विज्ञान, सर्टिफिकेट कोर्स इन उर्दू व पीजी डिप्लोमा ट्रांसलेशन हिंदी व अंग्रेजी, डिप्लोमा इन योगा, गीता व ह्यूमन राइट्स के लिए आवेदन किया जा सकता है।