- रोहतक के चौ. बंसीलाल स्टेडियम में आज बिहार की टीम के साथ होगा पहला मुकाबला
- अंशुल ने दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में 69 रन देकर आठ विकेट झटके और 38 रन बनाए थे
सुखदेव चौहान
करनाल। कर्ण नगरी के क्रिकेट खिलाड़ी ऑलराउंडर अंशुल कांबोज रणजी ट्रॉफी में दम दिखाएंगे। वह रोहतक के चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को बिहार टीम के साथ होने वाले पहले मुकाबले में भाग लेंगे।
अंशुल ने पिछले माह बेंगलुरु में आयोजित दलीप ट्रॉफी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था जिसकी बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवाॅर्ड भी मिला। इस सीरीज में अंशुल ने 17 विकेट झटके, उसके लिए उन्हें ढाई लाख रुपये का चेक भी दिया गया था। अंशुल ने दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में 69 रन देकर आठ विकेट झटके और 27 गेंदों में 38 रन भी बनाए थे। दूसरे मैच में तीन विकेट तथा फाइनल में पांच विकेट झटके थे।
अंशुल के कोच सतीश राणा ने बताया कि इस ट्रॉफी में अंशुल बेहतर फार्म में है। दिलीप ट्रॉफी के पहले मैच में उसका प्रदर्शन शानदार रहा, इंडिया ए के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी उनका अब तक का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। विदित हो कि अंशुल करनाल की राणा ब्रदर्स अकादमी का खिलाड़ी है। रणजी ट्रॉफी व दिलीप ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन की बदौलत अंशुल का भारतीय टीम में चयन अब लगभग तय माना जा रहा है।
अंशुल ने बल्लेबाजी सहित तेज गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया है। उन्होंने 2023 में विजय हजारे ट्रॉफी में 17 विकेट लिए थे। उनके प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने पहली बार ट्रॉफी जीती थी। वह आईपीएल के 17वें सीजन के ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। अंशुल ने 19 आयु वर्ग के मुकाबले में भारत की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 14 मैच खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया था। अंशुल ने अब तक 14,16,19 व 23 आयु वर्ग में हरियाणा और देश के लिए बेहतर खेल दिखाया है। अंडर-23 आयु वर्ग में रणजी में भी उसका बेहतर प्रदर्शन रहा।
ऑलराउंडर खिलाड़ी के रूप में बनाई पहचान
कोच सतीश राणा ने बताया कि अंशुल ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। वह बेहतर बल्लेबाजी के साथ करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। वह दायें हाथ से ही गेंदबाजी और बल्लेबाजी करते हैं। अंशुल आईपीएल के 17वें सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम की तरफ से खेल चुके हैं। मुंबई इंडियन टीम ने अंशुल को 20 लाख रुपये में खरीदा था। कोच सतीश राणा ने बताया कि अंशुल करनाल के सेक्टर-32 में रहकर खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। उनकी माता गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि अंशुल ने 12वीं तक की पढ़ाई ओपीएस विद्या मंदिर से की और बीए की पढ़ाई ओपन से कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राणा ब्रदर्स अकादमी के एक और खिलाड़ी वेदांत भारद्वाज का चयन भी गत दिनों रणजी ट्रॉफी के लिए हुआ था। उनकी अकादमी में मौजूदा समय में करीब 50 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।