करनाल। वीरवार शाम एडीसी सोनू भट्ट रात्रि विश्राम के लिए नीलोखेड़ी के सुल्तानपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर निस्तारण किया। देर शाम को एडीसी के गांव पहुंचने पर सरपंच जसमेर चौहान ने स्वागत किया। इसके उपरांत लोगों की समस्याएं सुनीं गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम भी मौके पर गई थी, जिससे समस्याओं का निराकरण भी मौके पर ही किया गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनवाने, बुढ़ापा पेंशन, मनरेगा, मजदूरी कॉपी, गांव में सफाई कर्मचारी, कब्रिस्तान की चहार दिवारी, सरकारी स्कूल की मुख्य गली बनवाने बारे, सड़क निर्माण से संबंधित समस्या शामिल रही। एडीसी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार,डीएसपी महावीर सिंह, डीडीपीओ संजय टांक, बीडीपीओ प्रशांत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।