नीलोखेड़ी। गुरु ब्रह्मानंद कन्या महाविद्यालय अंजनथली के राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन विभाग, महिला प्रकोष्ठ एवं विधिक साक्षरता प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में पंचायती राज संस्थाओं पर आधारित जिला स्तरीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में करनाल जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें जीवन चानन महिला महाविद्यालय असंध की अंजलि प्रथम, गुरु ब्रह्मानंद कन्या महाविद्यालय अंजनथली की नैना द्वितीय और गुरु नानक खालसा कॉलेज की लवप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को ई-प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता का संयोजन एवं संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. आरती भटनागर ने किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास का वास्तविक आधार पंचायतीराज संस्थाओं पर ही निर्भर करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाने के लिए पंचायतीराज संस्थाएं अहम भूमिका निभाती हैं। प्राचार्या डॉ. ज्ञानी देवी ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। मौके पर महिला प्रकोष्ठ की ओर से डॉ. उर्मिला, डॉ. विशाखा, अंजू, सीमा रानी एवं विधिक साक्षरता प्रकोष्ठ से डॉ. मीनाक्षी, कुलदीप कौर एवं डिंपल मौजूद रहीं ।