माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गुजरात में आयोजित हो रहे 36वें नेशनल गेम्स के शूटिंग इवेंट की 25 मीटर रैपिड फायर स्पर्धा में कर्ण नगरी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनीश भानवाल ने स्वर्ण पदक जीता है। हरियाणा की पदक तालिका में पहला पदक जोड़कर अनीश ने प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया।
अहमदाबाद के खानपुर स्थित एएम एंड आरटीए रायफल क्लब में हुई प्रतियोगिता में अनीश ने स्वर्ण, उत्तराखंड के अंकुर गोयल ने रजत और एसएससीबी के गुरमीत ने कांस्य पदक जीता। अनीश की इस उपलब्धि पर उनके पिता जगपाल भानवाल ने बताया पूरा परिवार अनीश के मुकाबले को देख रहा था। जैसे ही उसे स्वर्ण पदक मिलने की घोषणा हुई उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अनीश इसके बाद जर्मनी में चार वर्ष के बाद होने वाले शूटिंग वर्ल्ड कप की तैयारी करेंगे। इस प्रतियोगिता में मिलने वाले कोट प्लेस टिकट के आधार पर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई होते हैं।