पानीपत। सेक्टर-29 के फ्लोरा चौक पर किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला दो बच्चों की मां थी और पति से तलाक के बाद लिव इन में रह रही थी। लिव इन पार्टनर के जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। महिला का शव कमरे में पंखे पर चुन्नी के फंदे पर लटका मिला। वह एक मॉल में स्पाॅ सेंटर में काम करती थी। सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी महिला तरनूम ने बताया कि वह कच्चा कैंप पानीपत में किराये पर रहती है। वे छह बहनें और तीन भाई हैं। उसकी छोटी बहन गुलफशा उर्फ शिवानी (29) फ्लोर चौक पानीपत में किराये पर रहती थी। उसका करीब 13 साल पहले दानिश के साथ निकाह हुआ था। उन्हें एक बेटा और एक बेटी हुई। दोनों में मनमुटाव के कारण तलाक हो गया। उनका बेटा दानिश के साथ रहता है, जबकि बेटी उसकी बहन के पास रहती थी। गुलफशा अब राशिद नाम के लड़के के साथ पिछले काफी समय से लिव-इन में रहती थी।
15 दिन पहले पार्टनर गया तो परेशान रहने लगी-
परिजनों ने बताया कि 15 से 20 दिन पहले दानिश उसे छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं चला गया। इसके बाद से गुलफशा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। 24 अगस्त को उसने गुलफशा को फोन किया तो उसने कहा कि उसके पास फोन मत किया करें, वह परेशान है। 26 अगस्त को पता चला कि गुलफशा का शव फंदे पर लटका हुआ है। आशंका है कि 24 की रात ही उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले में जांच के लिए स्पा सेंटर पर पहुंची।
वर्जन
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। स्पा सेंटर का इनपुट टीम को मिला है। इस एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।
- राकेश शर्मा, प्रभारी, सेक्टर 29 थाना