संवाद न्यूज एजेंसी
असंध (करनाल)। बाहरी गांव में जोहड़ की खोदाई के दौरान प्राचीन ईंटों की दीवार मिली है। इस सूचना के बाद दूर-दराज से लोग इन बड़ी-बड़ी ईंटों को देखने के लिए पहुंचने लगे हैं। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाहरी के इतिहास के अध्यापक प्यारे लाल ने बताया कि जो ईंटें जोहड़ की खोदाई के दौरान मिली हैं वह ब्रिटिश काल के समय की लग रही हैं। ईंटों पर जो भी निशान मिले हैं वह जांच का विषय है। उन्होंने बताया कि ईंट की लंबाई करीब साढ़े चौदह इंच और चौड़ाई करीब साढ़े सात इंच है। ग्रामीण सतीश, मनोज, जोगीराम, कमला, गोपाला, जगतु, कृपालु और सोमबीर ने बताया कि पिछले कई दिनों से जोहड़ की खोदाई चल रही है। इस बीच अचानक भारी मात्रा में बड़ी-बड़ी ईंटें दिखाई देने लगी। इनकी खोदाई की गई तो ये ईंटें बहुत पुरानी लग रही हैं। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि ऐसी ईंटें उन्होंने पहली बार देखी हैं।