- अनुसंधान प्रक्षेत्र का वैज्ञानिक प्रबंधन कृषि अनुसंधान की सबसे आधारभूत आवश्यकता है : डॉ. एसके दुबे
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई) करनाल में वीरवार से ’फार्म एवं प्रयोगशाला प्रबंधन’ विषय पर सात दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इसमें कृषि विश्वविद्यालय कोटा (राजस्थान) के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारियों को वैज्ञानिकों ने प्रशिक्षण दिया। इसमें प्रक्षेत्र प्रबंधन व पौधों और मिट्टी के नमूनों के लिए प्रयोगशाला विश्लेषण तकनीकियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सबसे पहले सीएसएसआरआई के अधीक्षक एवं पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार राय ने कहा कि सात दिनों के दौरान प्रतिभागियों को अनुसंधान प्रयोगों के निष्पादन और प्रक्षेत्र के प्रबंधन पर कौशल प्रदान किया जाएगा। उन्हें मृदा नमूने लेना, मृदा नमूनों की तैयारी, मृदा स्वास्थ्य मापदंडों का विश्लेषण तथा मृदा परीक्षण उपकरणों के रखरखाव पर व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा।
17 से 24 अक्तूबर तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ पर सीएसएसआरआई के एमेरिटस वैज्ञानिक डॉ. एसके दुबे ने संस्थान के बारे में बताते हुए कहा कि सीएसएसआरआई की स्थापना वर्ष 1969 में हुई। जिसका मुख्य कार्य कल्लर व अन्य लवणग्रस्त मृदाओं के सुधार तथा लवणग्रस्त भूमिगत जल के सिंचाई के लिए बेहतर प्रयोग के लिए तकनीकियों का विकास करना है, संस्थान ने ऐसा किया भी है। संस्थान के तकनीकियों और प्रयासों से अब तक कुल 22.2 लाख हेक्टेयर लवणग्रस्त भूमियों में खेती करना तथा अच्छी पैदावार लेना संभव हो पाया है। अनुसंधान प्रक्षेत्र का वैज्ञानिक प्रबंधन कृषि अनुसंधान की सबसे आधारभूत आवश्यकता है। संस्थान में अत्याधुनिक केंद्रीय प्रयोगशाला है, जिसमें सभी प्रतिभागी मिट्टी और पौधों के नमूनों के विश्लेषण की सटीक पद्धति सीख सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान से विश्वविद्यालय के अनुसंधान कार्य में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करें। संचालन डाॅ. कैलाश प्रजापत ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. अमरेश चौधरी ने किया। इस मौके पर संस्थान के विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक डा. निर्मलेंदु बसाक, डा. प्रियंका चंद्रा व डा. मीना आदि मौजूद रहे।