करनाल। पुलिस की सीआईए असंध टीम ने कृषि यंत्र चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी नाबालिग है। आरोपियों से चोरी के दो टीलर, एक हैरो, एक जनरेटर व 65 हजार रुपये बरामद किए हैं। सीआईए असंध के इंचार्ज रामफल ने बताया कि आरोपी कुलदीप सिंह, विशाल निवासी गांव बरसत जिला करनाल को बरसत से 11 और 12 अगस्त को गिरफ्तार किया था। दोनों ने घरौंडा से 2019 में एक व 2021 में चार कृषि यंत्र चोरी की वारदातों का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वह दिन के समय चोरी करने वाले सामान की रेकी करते थे और रात को एक छोटा टेंपो व कभी ट्रैक्टर की मदद से चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी का सामान यमुना नदी के किनारे अपने खेतों के जंगल में छिपा देता था। फिर वहां से चोरी के सामान को काटकर या खोलकर हिस्सों में आगे बेच देता था। इन वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी कुलदीप अपने साथ दूसरे आरोपी विशाल व एक नाबालिग को भी कुछ रुपयों का लालच देकर अपने साथ मिला लेता था।