अंबाला। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों की सुरक्षा आरपीएफ की अहम जिम्मेदारी है। इसमें प्रत्येक कर्मचारी को पूरी निष्ठा व लग्न से कार्य करना है, ताकि कहीं कोई चूक न हो जाए। साथ ही यात्रियों को भी सुरक्षित सफर मुहैया करवाया जा सके। उक्त संवाद शुक्रवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के मुख्य प्रधान सुरक्षा आयुक्त आईजी एनके मिश्रा ने कर्मचारियों के साथ किए।
उन्होंने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया। वहीं उनसे परेशानियों को लेकर भी मंत्रणा की। इसके बाद उन्होंने अंबाला कैंट आरपीएफ पोस्ट का भी सालाना लेखा-जोखा देखा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से बम विस्फोट की धमकी लगातार मिल रही है। इसके बावजूद आरपीएफ अपनी तरफ से पूरी सतर्कता बरत रही है। इसमें जीआरपी का भी सहयोग लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कैंट स्टेशन पर अभी संसाधनों की कुछ कमी है, जो कि जल्द पूरी की जाएगी। स्थानीय अधिकारियों के साथ सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मंत्रणा जारी रहती है। सुरक्षा के लिए 1500 कर्मचारियों की मांग की गई है। इसमें से 400 मिल गए हैं और जल्द ही 1100 भी मिल जाएंगे।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त नीतिश शर्मा ने बताया कि 15 बॉडी वार्न कैमरे आ गए हैं जो जल्द ही आरपीएफ कर्मचारियों की वर्दी पर लगे नजर आएंगे। इसमें मौके की प्रत्येक घटना का रिकॉर्ड दर्ज होगा।
210 आईपैड पर आदान-प्रदान हो रही जानकारी
आरपीएफ को 210 आईपैड मिले हैं। अब इस हाइटेक मशीन की मदद से आरपीएफ की प्रत्येक कार्यशैली पर निगरानी रखी जा रही है। कहीं भी कोई सूचना या शिकायत होती है तो वह तुरंत आईपैड पर बनाए गए आरपीएफ ग्रुप में साझा हो जाती है।
फेस रीड वाले कैमरे लगेंगे
स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर ऐसे कैमरे लगाए जाएंगे, जो कि चेहरे को पहचान सकेंगे। अगर स्टेशन पर कोई भी पूर्व अपराधी या शरारती तत्व नजर आएगा तो इसकी जानकारी तुरंत फेस रीड कैमरे से विभागीय अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। फिर उस व्यक्ति पर नजर रखना आसान हो जाएगा। इसके लिए रेलवे से जुड़े सभी अपराधियों का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन किया जाएगा।
फोर्स की वर्दी में नजर आए अधिकारी
आरपीएफ आईजी के निरीक्षण के दौरान अंबाला मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त व सह सुरक्षा आयुक्त दोनों अधिकारी खाकी वर्दी में नहीं, बल्कि फोर्स की वर्दी में नजर आए, जो कि पीले रंग की थी। दोनों अधिकारियों ने वर्दी के हिसाब से सिर पर टोपी भी धारण की हुई थी।
अंबाला कैंट स्टेशन के निरीक्षण पर आए थे। सुरक्षा को लेकर कुछ संसाधनों की जरूरत है। वहीं कर्मचारियों से भी संवाद किया गया है और उन्हें पूरी निष्ठा व लग्न से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दिनों में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
-अंबिका नाथ मिश्रा, आईजी आरपीएफ, उत्तर रेलवे।