करनाल। पुलिस में झूठी शिकायतें देने के 46 मामलों में 47 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें 15 महिलाएं और 32 पुरुष आरोपी शामिल हैं। विदित हो कि करनाल पुलिस की ओर से वर्ष 2022 के दौरान अब तक कुल 198 मामलों में कुल 207 व्यक्तियों के खिलाफ यह कार्रवाई की जा चुकी है।
आईपीसी की धारा-182 के तहत जब कोई व्यक्ति किसी सरकारी अधिकारी को या किसी पुलिस अधिकारी को ऐसी झूठी सूचना देगा, जो सही नहीं है और अन्य व्यक्ति को क्षति या नुकसान हो जाए या होने की संभावना हो। तब ऐसी सूचना देने वाला व्यक्ति इस धारा के अंतर्गत दोषी होगा। इस धारा के तहत झूठी शिकायत देने वाले व्यक्ति के लिये सजा का प्रावधान किया गया है। इसके तहत ऐसे व्यक्ति को माननीय न्यायालय की ओर से छह माह तक का कारावास या एक हजार रुपये जुर्माना या दोनों से दंडित किया जा सकता है। विभिन्न थानों से जुड़े जिले के ऐसे 46 मामलों में 47 लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है।