करनाल। हरियाणा सरकार किसानों से सिर्फ 100 रुपये लेकर खेतों में ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव करा रही है। जिले में फिलहाल सात हजार एकड़ के लक्ष्य को लेकर छिड़काव कराया जा रहा है। इस कार्य को देखने के लिए बुधवार को कृषि तथा किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल और निदेशक राजनारायण कौशिक ने शामगढ़ गांव पहुंचे। यहां ड्रोन के माध्यम से हो रहे नैनो यूरिया के छिडक़ाव को देखा।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ते उपनिदेशक डॉ,वजीर सिंह की ओर से लगभग सौ किसान बुलाए गए थे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किसानों से ड्रोन से खाद के छिड़काव के बारे में विस्तार से बातचीत की। किसानों से ड्रोन के इस्तेमाल बारे सुझाव भी मांगे। आश्वासन दिया कि भविष्य में इस बारे हरियाणा सरकार द्वारा और बेहतर कार्य किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत प्रशिक्षित महिला किसान द्वारा मुख्य अतिथि को ड्रोन उड़ाकर दिखाया गया और महिला किसान से तकनीकी जानकारी ली।
उप निदेशक बागवानी एवं मुख्य प्रशिक्षक (दृश्या) डा. सतेंद्र यादव ने बताया कि दृश्या करनाल द्वारा अब तक 80 किसानों को ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें कई युवतियां भी शामिल हैं। इस मौके पर प्रशिक्षित प्रशिक्षुओं को सफल प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ.निरंजन सिंह, इस उप मंडल कृषि अधिकारी, करनाल डॉ. दिनेश शर्मा, सहायक पौधा संरक्षण सुरेश कुमार आदि कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैट्रीचालिक टेंपो को हरी झंडी दिखाई
अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल और निदेशक राजनारायण कौशिक ने इस मौके पर इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) द्वारा करनाल जिले के प्रशिक्षित किसानों को ड्रोन के साथ बैटरी चालित टेम्पो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।