करनाल। सदर बाजार में महिला का मोबाइल छीनने वाले एक्टिवा सवार दोनों आरोपियों को सीआईए वन की टीम ने पकड़ लिया है। दोनों आरोपियों से छीना हुआ मोबाइल व एक्टिवा बरामद कर ली है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। सीआईए वन इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि सदर बाजार निवासी महिला शीतल सैनी ने सिटी थाना में शिकायत दी थी कि दो जून की रात को वह अपनी बहन से बात करते हुए घर से बाहर निकली तो एक्टिवा सवार दो युवक आए और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए वन को सौंपी गई। इस मामले की जांच करते हुए एएसआई सतीश कुमार की अध्यक्षता में टीम ने नौ जून को सेक्टर-16 चौक के पास नाकाबंदी कर आरोपी राजा कुमार व मनीष राय उर्फ बिहज निवासी बांसो गेट को काबू कर लिया है। संवाद