संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। असंध में मोबाइल की दुकान पर बैठे बच्चे से मोबाइल व नकदी छीनने वाले दोनों आरोपियों को असंध थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं छीना हुआ मोबाइल व दो हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। 16 जून को असंध के वार्ड नंबर नौ निवासी राजेश कुमार ने शिकायत दी थी कि उसकी शिव मंदिर के पास दुकान है।
15 जून को वह दोपहर के समय 12 वर्षीय बेटे जयंत को दुकान पर छोड़कर खाना खाने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा में दुकान के बाहर आए। ई-रिक्शा को बाहर खड़ी करके पहले एक व्यक्ति दुकान में घुसा और जब देखा कि अंदर कोई नहीं है तो दूसरा व्यक्ति भी दुकान में घुस गया। एक सामान देखने का दिखावा करने लगा और फिर दोनों ने उसके बेटे से मोबाइल व दुकान के गल्ले से 12 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए।
असंध थाना प्रभारी गौरव के अनुसार मौके पर जाकर जांच की गई और एएसआई सुंदर सिंह की अध्यक्षता में टीम का गठन किया गया। मामले की जांच करते हुए आरोपी जींद की चंद्रलोक कॉलोनी निवासी बलराम व पंजाब के मानसा जिले की टीबा बस्ती बरेटा व हाल में चंद्र लोक जींद निवासी बुधु को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि वह किराए पर ई-रिक्शा लेकर असंध में किसी काम से आए थे। जब उन्होंने दुकान पर बच्चा बैठा देखा तो वारदात को अंजाम दे दिया।