- आरोपियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय में होने का झांसा देकर लगाई चपत
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला पुलिस करनाल थाना बुटाना की टीम ने नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी देवेंद्र प्रताप सिंह निवासी नेहरू नगर वेस्ट, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर सात दिन का रिमांड पर लिया है। शिकायतकर्ता अनेजा निवासी नीलोखेड़ी ने शिकायत दी थी कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। उसके पास फरवरी 2022 में देवेंद्र प्रताप के नाम के व्यक्ति के पास से व्हाट्सएप काॅल आई। जिसने बताया कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय से संयुक्त सचिव बोल रहा है। जिसकी सभी जगह जान पहचान है।
दो दिन बाद फिर शिकायतकर्ता के पास आरोपी की काॅल आई और बोला कि वह उसे यूपीएससी में अच्छी नौकरी दिला सकता है। वह उसके झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में बुलाया। जहां आरोपी देवेंद्र और उसके सहकर्मी के रूप में नीलम, आदित्य और पूजा मिले। सभी ने मिलकर शिकायतकर्ता को 40 लाख रुपये में यूपीएससी में नौकरी दिलाने के नाम पर सौदा कर लिया।
इसके बाद पीड़ित आरोपियों के अलग-अलग बैंक खातों और नगद राशि सहित मार्च 2023 तक 33 लाख रुपये दे चुका था, लेकिन नौकरी नहीं लगी। इसके बाद आरोपी टाल मटोल करने लगे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे।