- एसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुराना सराफा बाजार स्थित एक मंदिर सभा के प्रधान और सचिव पर सभा को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगा है। दोनों पदाधिकारियों पर मंदिर प्रबंधन व कार्यकारिणी सदस्य चंद्र प्रकाश अरोड़ा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा से करवा कार्रवाई की मांग की है।
सभा सदस्य चंद्र प्रकाश अरोड़ा ने शिकायत में कहा है कि प्रधान व सचिव ने रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की, झूठे साक्ष्य तैयार किए, नकली रसीदें तैयार की। उसके बाद बैंकों का दुरुपयोग कर सभा को लाखों रुपये की आर्थिक व वित्तीय क्षति पहुंचाई है।
आरोप है कि उन्होंने साजिश के तहत बैंक में लॉकर खोल लिया ताकि सभा के सोना-चांदी के आभूषण व गिन्नियों को चोरी छिपे बेचकर निजी लाभ प्राप्त कर सकें। आरोप है कि दोनों ने खाते से गुपचुप 19 जुलाई 2022 से दो अगस्त 2022 तक करीब 12 लाख रुपए की नकदी निकलवा ली। इसके अलावा अलग-अलग तिथियों पर पांच लाख रुपए निकाले गए। शिकायतकर्ता ने शिकायत की एक कॉपी मुख्यमंत्री, राज्यपाल, रजिस्ट्रार फर्म एंड सोसायटी को भी दी गई है। शिकायतकर्ताओं में पंडित मदन मोहन, विनोद भाटिया, राजन गुप्ता, कुलदीप शर्मा, ब्रजभूषण गौतम व नंद किशोर शामिल हैं।