- दीवार और गेट तोड़कर छत के रास्ते अंदर घुसा चोर, एक बैग में रखी थी नकदी, वारदात सीसीटीवी में कैद
-पुलिस और एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य, शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों में खौफ
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के गोशाला रोड स्थित ट्रेडिंग कंपनी के दफ्तर में घुसकर चोर आठ लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। चोर ने पहले दीवार तोड़कर गेट को हटाया फिर छत के रास्ते अंदर घुस गया। इसके बाद दफ्तर से नोटों से भरा बैग लेकर भाग निकला। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। कंपनी संचालक जब दफ्तर पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इस वारदात से शहर के व्यापारियों में खौफ है।
शिकायतकर्ता सतीश नागपाल ने बताया कि उसकी फर्म नागपाल ट्रेडिंग कंपनी गोशाला रोड पर है। 28 अक्तूबर की रात वह आठ लाख रुपये की नकदी बैग में रखकर दफ्तर में छोड़कर चले गए थे। रविवार तड़के करीब तीन बजे चोर छत के रास्ते उसके कार्यालय में घुस गया और कैश चोरी कर ले गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक बताया कि छत के रास्ते से एक चोर दफ्तर में आया है और सीधे नकदी की ओर गया। यानि चोर को पहले ही पता था कि नकदी कहां पर रखी है। पहले ही वह रेकी कर चुका होगा। पुलिस को संदेह है कि चोरी करने वाला कंपनी संचालक का नजदीकी भी हो सकता है। उसे पहले ही पता था कि कितनी नकदी कहां रखी है। दुकान और आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
फफक पड़ीं संचालक की पत्नी
जैसे ही कंपनी संचालक के परिवार को लाखों की चोरी होने का पता चला उनके होश उड़ गए। संचालक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था। वह रोते हुए बार-बार कह रही थीं कि एक-एक रुपये जोड़कर पूंजी इकट्ठी की थी जिसे चोर कुछ ही मिनटों में ले गया। इसका मतलब हम शहर में सुरक्षित नहीं हैं। चोरी और लूटपाट की वारदात लगातार बढ़ रही है। इससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक करोड़ लेकर फरार हुए नौकर का नहीं मिला सुराग
सेक्टर-7 में चार दिन पहले सर्राफा कारोबारी की कोठी से एक करोड़ के जेवरात चोरी करने वाले नौकर का पुलिस को सुराग तक नहीं मिल सका। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तमाम प्रयास कर रही है मगर अभी नौकर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जसविंद तुल्ली, प्रभारी सिटी थाना