संवाद न्यूज एजेंसी
जलमाना (करनाल)। जभाला गांव के समीप नेशनल हाईवे स्थित बालाजी मंदिर के पास टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय नरेश पांचाल वासी वार्ड 12 कारपेंटर का काम करता था। वह अपने काम पर जाने के लिए बाइक पर सवार होकर असंध से गांव पयोंत जा रहा था जब नेशनल हाईवे पर बालाजी मंदिर के पास पहुंचा तो अनियंत्रित टेंपो के साथ बाइक की टक्कर हो गई और बाइक हाईवे किनारे रेलिंग से जा टकराई, जिसमे नरेश पांचाल बुरी तरह चोटिल हो गया। बाइक पर पीछे बैठा सचिन घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से घायल नरेश को असंध के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही शव कब्जे में लेकर असंध के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। नरेश की मौत की सूचना मिलते ही वार्ड में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी करवाई शुरू कर दी। टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।