करनाल। पांच दिन पूर्व पुलिस की ओर से काबू किए बावरिया गिरोह के दो सदस्याें से रिमांड के दौरान पुलिस ने महिलाओें से चेन व बालियां छीनने के आठ मामले ट्रेस किए हैं। रिमांड पूरा होने पर पुलिस ने बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीआईए वन पुलिस ने 5 सितंबर को बावरिया गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के झिंझाना निवासी शेरसिंह व संजय को थाना शहर क्षेत्र से काबू किया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों से सोने की चेन बरामद की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 28 अगस्त को सेक्टर सात की रहने वाली ऊषा के गले से छीनी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद छह सितंबर को उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें पांच दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने नगर में सात महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके गले से स्नैचिंग की थी। इसमें एक जुलाई को सेक्टर 13 की आरती कपूर, 18 अप्रैल को पायल अरोड़ा, 18 जुलाई को वीना व रेणु दुआ, 27 अगस्त को सेक्टर सात की ऊषा अरोड़ा, 28 अगस्त को सेक्टर 13 की सपना व 29 अगस्त को प्रेम नगर की सोनिया के अलावा 13 जुलाई को सेक्टर 13 निवासी अमित गुप्ता की मां के कानों की बालियां छीनकर भागने में कामयाब हुए थे।