शाहाबाद। दो युवकों के अपहरण के मामले में पुलिस ने पांच लोगोें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस को दी अपनी शिकायत में राजकमल और नीलाक्ष ने बताया कि शुक्रवार शाम को करीब सात बजे वह हुडा में जूस की दुकान पर खड़े थे कि अचानक कुछ युवक एक कार से उतरकर उनके साथ मारपीट करने लगे। राजकमल ने बताया कि युवकों ने जबरदस्ती उन्हें अपनी कार में बैठा लिया और कार को लाडवा की ओर लेकर चल दिए। राजकमल ने बताया कि कार में सवार युवक आपस में बातें कर रहे थे कि अंधेरा होेने पर दोनों युवकों को नदी में फेंक देंगे। राजकमल ने बताया कि रास्ते में अचानक अपहरणकर्त्ताओं की कार खराब हो गई, जिस कारण वह वहां से फरार होने में कामयाब हुए और दोनों ने घर पहुंचकर परिजनों को सारी बात बताई। राजकमल ने बताया कि अपहरणकर्त्ताआें ने उनके साथ मारपीट की और उनसे सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया। युवकों के परिजनों ने उन्हें शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घायल युवकों से पूछताछ की। पुलिस ने युवकों की शिकायत के आधार पर पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।