कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में एक बार फिर लाइट नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि लाइट नहीं आने का कारण वायरिंग में आग लगना बताया जा रहा है। ज्यादातर मरीजों पर इसका प्रभाव पड़ा। बिजली जाने से एक्स-रे रूम के बाहर लोगों की कतारें लगी रही, लेकिन शाम तक कोई एक्सरे नहीं हो पाया। सबसे ज्यादा परेशानी गांवों से आने वाले मरीजों को उठानी पड़ी। लाइट नहीं आने की वजह से ज्यादातर डाक्टरों ने या तो मोमबत्ती की रोशनी में या फिर टार्च के साथ मरीजों की जांच की। बरगट गांव से जांच करवाने आए कर्मा ने बताया की उन्हें एक्स-रे और कुछ अन्य टेस्ट करवाने थे, लेकिन लाइट नहीं होने की वजह से उसका पूरा दिन यहां खराब हो गया। इसके अलावा मरीजों को पीने का ठंडा पानी भी नसीब नहीं हुआ और शौचालय तक में पानी नहीं था। अमीन से आए रणबीर ने कहा कि मरीज को खून चढ़वाना था, लेकिन सुबह से लाइट नहीं है। धर्म सिंह ने बताया कि उसने अपने बच्चे को मशीन में रखना था, लेकिन लाइट नहीं होने की वजह से उसे काफी परेशानी हुई। नाम नहीं छापने की शर्त पर स्टाफ के एक सदस्य ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे लाइट जाने के बाद शाम को 3 बजकर 48 मिनट पर आई है।