अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी ने बैठक कर सोमवार को ऐलान किया कि रोडवेज कर्मचारी एस्मा को तोड़कर 5 सितंबर को चक्का जाम करेंगे। अपनी मांगों को लेकर ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रधान सुरेश लाठर ने कहा कि सरकार ने 700 प्राइवेट बसें लाने में जो घोटाला किया है, उसे रोडवेज कर्मचारियों ने उजागर कर दिया है। इस घोटाले में परिवहन मंत्री व विभाग के बड़े अधिकारियों की मिलीभगत है। सरकार से यूनियनों ने खुले मन से बातचीत की थी मगर विभाग के एसीएस ने कर्मचारियों को डराने का प्रयास किया। सरकार ने कर्मचारियों को डराने के लिए अडर टेकिंग प्रोफार्मा पर कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया, लेकिन कर्मचारियों ने हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया और खुलेआम कह दिया हम हड़ताल में शामिल होंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि सरकार में 700 निजी बसें ठेके पर लाने के फैसले को वापिस नहीं लिया तो रोडवेज कर्मचारी 5 सितंबर को पूर्ण चक्का जाम करेंगे। सरकार इस महकमें को बदनाम करके घाटा दिखाकर अपने चहेतों को फायदा पहुंचाना चाहती है। इस अवसर पर प्रधान सुरश लाठर, सुखव्रिद सिंह, विरेंद्र सिंह, कृपाल लाडी, बल सिंह, अशोक कुमार, जितेंद्र, काला राम, राजकुमार, जंजा, रामनिवास, कर्मवीर नरवाल, जगपाल एवं राकेश आदि उपस्थित रहे।