अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। प्राइवेट बसों के अवैध रूटों पर दौड़ने के विरोध मेें ऑल कर्मचारी तालमेल कमेटी हरियाणा रोडवेज ने 14 अगस्त को करनाल में चक्का जाम करने का एलान किया है। कमेटी का कहना है कि करनाल डिपो से कल कोई बस नहीं चलेगी। सोमवार को पुराने बस अड्डा परिसर में कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर विरोध जताया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्राइवेट बस चालक मनमानी करते हुए बसों को अवैध रूटों पर चला रहे हैं। निजी बस चालक मंगलौरा तक बस ले जा सकते हैं मगर ये लोग बड़ौली तक बस ले जाते हैं। इससे विभाग को लाखों रुपये का चूना लग रहा है। प्राइवेट बस मालिकों के साथ अधिकारियों की मिलीभगत के चलते यह बसें चल रही हैं। प्रधान सुखविंद्र सिंह और जितेंद्र ने कहा कि विरोध दर्ज करवाने और विभाग को नुकसान से बचाने के लिए कल चक्का जाम रखने की घोषणा की गई है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि करनाल रोडवेज बड़ौली जाने का एक महीने का एसआरटी 20 हजार 800 रुपये देती है। प्राइवेट बसों के अवैध रूटों पर चलने पर रोक लगाई जानी चाहिए। इस अवसर पर प्रधान सुखविंद्र सिंह, जितेंद्र, जगपाल शर्मा, वीरेंद्र सिंह रामविलास शर्मा, राजकुमार जंजो, किरपाल सिंह, सचिव मनोज इंदौरा, उपप्रधीान कालाराम, अजय कुमार, सौरव शर्मा, राजबीर, अमित सेठी, संजय कुमार, सुनील कुमार, वेद पाल, वीरेंद्र सिंह व सुभाष आदि मौजूद रहे।