बस स्टैंड परिसर में निजी वाहन खड़े करने पर जताया रोष
करनाल। रोडवेज कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर तथा गेट पर निजी वाहन खड़े करने पर कड़ी नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे रोडवेज कर्मचारियों व जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ की बैठक में कहा गया कि अगर बस स्टैंड के अंदर बस काउंटर पर लगाते समय किसी प्राइवेट वाहन में टकरा जाती है तो बस चालक से ही हर्जाना ले लिया जाता है। सचिव महिंद्र गौड़ काछवा ने कहा कि इस मामले को लेकर कई बार जीएम को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। डीसी से भी शिकायत की जा चुकी है। बस स्टैंड पर दो-दो पुलिस चैक पोस्ट होने के बाद भी निजी वाहनों का आवागमन जारी रहता है। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की मांग है कि बस स्टैंड परिसर व दोनों तरफ गेटों पर कारों व ऑटो को खड़ा नहीं होना दिया जाए। इस अवसर पर प्रधान कृपाल सिंह, सचिव महिंद्र गौड़ काछवा, सतीश कुमार, हरीश कुमार, सुनील कुमार, श्यामलाल,राजेश कुमार, बलवंत, सुरेश अड़ाना, सुरेंद्र बल्ला, शेर खान, सोमपाल, सुमेर मान, सोमपाल व राम सिंह मौजूद रहे।