19 को किसान करेंगे बिजली निगम अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
निसिंग।
गांव मंजूरा और हथलाना में जगमग योजना के विरोध में रविवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता भाकियू के खंड प्रधान सुरेश हथलाना ने की। भाकियू के प्रदेश संगठन सचिव श्याम सिंह मान ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली निगम की ओर से गांव कतलाहेड़ी के ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत के बाद ग्रामीणों में रोष है। इसको लेकर भाकियू के बैनर तले खंड निसिंग के सभी गांवों में भाकियू नेता किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। मान ने ऐलान करते हुए कहा कि अगर बिजली निगम ने अड़ियल रवैये को नहीं छोड़ा तो सबसे पहले क्षेत्र के ग्रामीण सामूहिक गिरफ्तारी देने से पीछे नहीं हटेेंगे। पंचायत के दौरान उन्होंने कहा कि 19 दिसंबर को सभी किसान और मजदूर निसिंग की पुरानी अनाज मंडी में एकत्रित होकर बिजली निगम के तानाशाही के खिलाफ रोष व्यक्त करेंगे। इसके साथ ही किसान बिजली निगम के कार्यालय में एसडीओ अभिषेक बाली सहित अन्य उच्च अधिकारियों व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि बिजली निगम के अधिकारी पुलिस के डंडे के बल पर जबरदस्ती इस योजना को लागू करने का प्रयास कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष यशपाल राणा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस के बल पर ग्रामीणों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बहाने से अगर सरकार की मंशा किसानों को जेल में भेजने की है तो किसान जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।