डेयरी शिफ्टिंग की दिशा में एक और कदम, प्लाटों का ड्रा 24 को
करनाल। डेयरी शिफ्टिंग प्रोजेक्ट को जल्द ही गति मिलने वाली है। नगर निगम ने डेयरी प्लाटों के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर उनके ड्रा की तारीख 24 अक्तूबर तय कर दी है। प्लाटों की अलाटमेंट का ड्रा साईट पर ही निकाला जाएगा।निगम आयुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट करने के लिए निगम द्वारा वर्षों पहले जो योजना बनाई गई थी, वह शहर की साफ-सफाई और डेयरी मालिकों के हित के लिए थी। डेयरी चलाने वालों की मांग पर ही इसमें संशोधन कर प्लाटों के साईज में बदलाव करके उनके रेट भी घटाए गए और प्लाटों को हासिल करने के लिए आवेदन मांगे गए। 5 सितंबर तक 58 व्यक्तियों ने आवेदन किये। निगम इनकी जांच-पड़ताल कर रहा है और जांच-पड़ताल के उपरांत ही योग्य पाए जाने वाले डेयरी मालिकों के लिए 24 तारीख को सुबह 11 बजे ड्रा निकाला जाएगा। उन्होने बताया कि जिन निगम द्वारा बार-बार अवसर दिए जाने के बाद भी जिन लोगो ने प्लाटों के लिए आवेदन नहीं दिए हैं, उनकी डेयरियों को शहर से बाहर करने के लिए निगम अपने स्तर पर कार्यवाही करेगा। बता दें कि पिंगली स्थित डेयरी शिफ्टिंग साईट पर चौकीदार व केयर टेकर के लिए कमरों का निर्माण किया जा रहा है। करनाल-कैथल रोड से डेयरी शिफ्टिंग साइट पर जाते समय दांई ओर के कमरे निर्माणाधीन हैं। इस पर करीब अनुमानित 17 लाख 78 हजार रूपये की राशि खर्च होगी। यह कार्य आगामी नवंबर तक मुकम्मल हो जाएगा। इसके अलावा सड़कों पर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक टाईलें लगाई जाएंगी। इन कार्यों पर 93 लाख 44 हजार रूपये की अनुमानित लागत आएगी। यह कार्य अलॉट कर दिया गया है, जो अगले डेढ़-दो महीनों में पूरा हो जाएगा।