संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव चोचड़ा के एक दंपती सहित चार लोगों ने तीन युवकों को आस्ट्रेलिया व अमेरिका भेजने के नाम पर 69.57 लाख रुपये ठगे लिए। अब आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चोचड़ा निवासी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी बलविंद्र आस्ट्रेलिया में रहता था। वह 2017-18 में आस्ट्रेलिया से गांव आया था। इसके बाद आरोपी बलविंद्र और राजिंद्र उसके घर आए। दोनों ने कहा कि वह उसके बेटे अंकित को स्टडी बेस पर आस्ट्रेलिया भेज देंगे। उनका असंध में आस्ट्रेलियन ओवरसीज के नाम से ऑफिस है। आरोपियों ने इसके लिए उससे 20 लाख रुपए मांगे। 18 अप्रैल 2019 से लेकर पांच जनवरी 2022 तक प्लॉट बेचकर व अन्य तरीके से आरोपियों को 28.17 लाख रुपये दे दिए। लेकिन आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा। 18 अगस्त 2022 को उनसे पैसे वापस मांगे तो धमकी देने लगे।
केस दो
गांव चोचड़ा निवासी रामदिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही बलविंद्र आस्ट्रेलिया में रहता था। वह 2017-18 में गांव में आ गया। उसके बाद बलविंद्र और उसका भाई राजिंद्र उसके घर पर आए और उन्होंने कहा कि वे उसके बेटे को विदेश में स्टडी वीजा पर भेज देंगे और वहां पर काम भी लगवा देंगे। उनका असंध में आस्ट्रेलियन ओवरसीज के नाम से ऑफिस है। इसके लिए 25 लाख रुपये लगेंगे। उसने 21 अप्रैल 2019 से 27 अगस्त 2021 तक अपना ट्रैक्टर, जमीन बेचकर व गिरवी रखकर 23.40 लाख रुपये दे दिए। लेकिन उन्होंने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा। तीन जुलाई को जब वे पैसे मांगने गए तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया और जान से मारने धमकी दी।
केस तीन
गांव जंबाला निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 दिसंबर 2021 को असंध में उसकी दुकान पर मंजीत निवासी बल्ला व तुषार निवासी गांव सिख जिला पानीपत से बातचीत हुई जो कि दोनों मामा-भांजे हैं। उन्होंने उससे कहा कि वह वर्क परमिट पर उसे अमेरिका भेज देंगे, इसके लिए 42 लाख रुपये का खर्च आएगा। आरोपियों ने पहले 10 लाख रुपये देने को कहा। उसने अपने पासपोर्ट के साथ 10 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग उससे आठ लाख रुपये अन्य चार्ज के बहाने ले लिए। लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा और टरकाते रहे। बाद में जान से मारने की धमकी दी।