अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। मुख्यमंत्री के तीर्थों के दौरे के दौरान पाढ़ा में करीब तीन हजार लोगों की भारी भीड़ ने जहां मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया वहीं मुख्यमंत्री ने लोगों की आस्था को देखते हुए पंचदेव तीर्थ के सुंदरीकरण के लिए करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग थी कि कुछ वर्ष पहले पंचदेव तीर्थ पर हजारों श्रद्धालु दूसरे प्रदेशों से भी आते थे, परंतु अब तीर्थ पर लोगों का आना कम हो गया है। इस तीर्थ पर हर वर्ष भारी मेला लगता था, आस-पास के लोग यहां आते थे परंतु असुविधा के कारण लोगों को आना निरंतर कम हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब फिर वही समय आ गया है, आने वाले समय में भी यह तीर्थ आस्था का केन्द्र होगा। यहां पर हर जरूरी सुविधा दी जाएगी। पाढ़ा गांव में लड़कियों का कॉलेज, गांव में पुस्तकालय के लिए 5 लाख रुपये की मंजूरी, करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से पाढ़ा से मिलने वाली सड़कें अपने आप में विकास की एक अद्भुत मिसाल है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदेव पाढ़ा ने अपने गांव में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और गांव में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए बधाई दी।