चालान काटने में व्यस्त रही पुलिस, कैथल रोड पर एक घंटे रहा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
पुलिस शुक्रवार को जीरो टॉलरेंस डे पर चालान काटने में व्यस्त रही, वहीं दूसरी ओर कैथल रोड पर जाम लगने के कारण एक घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। इस दौरान वाहन चालकों में आपस में कहासुनी भी हुई। लेकिन, पुलिस ने जाम खुलवाने की जहमत नहीं उठाई। जब जाम में फंसे लोगों का पारा चढ़ने लगा। इसके बाद पुलिस ने एक घंटे बाद जाम खुलवाया। बता दें एसपी के निर्देश पर हर शुक्रवार को जिला पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस के तहत यातायात के नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों का चालन करते हैं। शुक्रवार सुबह कैथल रोड पर एक ट्रक खराब हो गया। ट्रक में खराबी होने के कारण ट्रक सड़क के बीच में ही रुक गया। इस कारण कैथल रोड पर वाहनों की लाइन लगती चली गई। कुछ दूरी पर पुलिस चालान काटने में व्यस्त रही। जाम खुलवाने के लिए उन्होंने जहमत नहीं उठाई। इस कारण देखते ही देखते कैथल रोड पूरी तरह से जाम हो गया। वाहन चालकों की आपस में ही बहस होने लगी। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।