मेडिकल कालेज के नाम के दिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर
-अब तक ठगी के कई युवक आ चुके हैं सामने-कालेज प्रबंधन ने एसपी को दी शिकायतअमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कल्पना चावला मेडिकल कालेज में नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी देने के नाम पर कुछ लोगों ने न केवल युवकों को बरगलाया कर उनसे हजारों रुपये की ठग लिए, बल्कि उनको फर्जी नियुक्ति पत्र तक थमा दिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवक लेटर लेकर कॉलेज में नौकरी ज्वाइन करने पहुंचे। लेटर देखकर कालेज प्रबंधन ने उनको ज्वाइनिंग से इंकार कर दिया। फिलहाल, कालेज प्रबंधन मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी को शिकायत दी है। मामले के अनुसार, गुरुवार को दो युवक मेडिकल कालेज में एसिस्टेंट के पद के नियुक्ति पत्र लेकर कालेज पहुंचे। युवकों ने जैसे ही कालेज प्रबंधन को लेटर थमाए तो प्रबंधन अधिकारी भी लेटर को देखकर चकरा गए। मामले को संदिग्ध देखते हुए कालेज प्रबंधन ने युवकों के दस्तावेज ले लिए और इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जाता है कि इससे पहले भी कई युवक इस तरह से हुई ठगी को लेकर सामने आ चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि ठग गिरोह के सदस्यों ने मेडिकल कालेज में नौकरी के नाम पर युवकों से दस से 30 हजार रुपए तक लिए हैं और फर्जी नियुक्ति पत्र थमाए हैं। इस बारे में मेडिकल कालेज के सहायक रजिस्ट्रार धर्मबीर सिंह ने बताया कि दो युवक आए थे, जिनके पास संदिग्ध नियुक्ति पत्र थे, मामले की जांच के लिए पुलिस को लिखा गया है।