अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए एक और सुविधा मुहैया करवाई गई है। मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र कश्यप ने ऑडियोलाजी एंड स्पीच सेक्शन का विधिवत उद्घाटन करते हुए इस स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत की। इससे पहले, कॉलेज में यह सुविधा नहीं थी। इस कारण मरीजों को पीजीआई रोहतक या चंडीगढ़ जाना पड़ता था। अब उन्हें स्थानीय स्तर पर यह स्वास्थ्य सेवा मिलेगी। डॉ. अशोक जागलान ने बताया कि तीन मार्च को वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन की ओर से वर्ल्ड हियरिंग डे मनाया जाता है। इस साल डब्ल्यूएचओ का थीम रहा सुनने की क्षमता की बात करना। इसी उपलक्ष्य में मेडिकल कालेज में ऑडियोलॉजी एंड स्पीच सेक्शन शुरू किया गया है। इसमें पांच सुविधाएं मुहैया होंगी। इनमें हियरिंग के पांच टेस्ट व एक स्पीच थैरेपी शामिल हैं। इस मौके पर डॉ. अशोक जागलान, डॉ. वीके अग्रवाल, डॉ. जेएल ढल व डॉ. स्नेह कौशल उपस्थित रहे।