अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब लोगों के लिए आरोग्य कवच साबित हो रही है। इसके तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सरकारी व प्राइवेट पैनल के अस्पतालों मे गंभीर बीमारियों के निशुल्क इलाज के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही है। गरीब लोगों के बेहतरीन स्वास्थ्य के लिए यह योजना विश्व में अब तक की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। मंत्री कांबोज शुक्रवार को करनाल के रेड कारपेट में आयोजित बीजेपी हरियाणा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सामाजिक, आर्थिक जातिगत जनगणना-2011 के सर्वे के अनुसार हरियाणा के 17 लाख 50 हजार परिवारों को लाभ मिलेगा अर्थात इस इस सर्वे की 8 श्रेणियों के 80 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 72 नागरिक अस्पताल 158 प्राइवेट अस्पताल आयुष्मान योजना से जुड़ गए हैं और इन अस्पतालों में 184 प्रधानमंत्री आरोग्य मित्र लगाए गए है जो इस योजना के लाभपात्रों को इलाज की सभी सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद कर रहे हैं। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मीना चौहान, जिला अध्यक्ष मीना कांबोज, इंद्री मंडल की अध्यक्ष बबली कांबोज सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थी।