छात्रों को कराया मेडिकल कॉलेज से परिचित, आज से शुरू होंगी नियमित कक्षांए
अमर उजाला ब्यूरो करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के एजुकेशन ब्लॉक में मंगलवार सुबह हवन कर एमबीबीएस की कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र कश्यप ने दीप प्रवज्जलित कर कक्षाओं की शुरूआत की। डायरेक्टर ने विद्यार्थियों का दाखिला लेने पर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों को कॉलेज में विद्यार्थियों की सभी सुविधाओं के बारे में बारिकी से बताया। इसके बाद कॉलेज के प्रोफेसरों ने एमबीबीएस के विद्यार्थियों का कैंपस से परिचित कराया। विद्यार्थियों ने पूरे दिन मेडिकल कॉलेज के बारे में जानकारी प्राप्त की। जबकि आज की नियमित कक्षाएं चालू हो जाएंगी। डायरेक्टर सुरेंद्र कश्यप ने कहा कि कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए हर प्रकार की सुविधा है। जो सुविधांए छात्रों को इस कॉलेज में मिलेगी, वह अन्य मेडिकल कॉलेजों में नहीं हैं। बता दें कि इस वर्ष में एनोटमी, फिजियोलॉजी व बायोकेमेस्ट्री के विषय के बारे में पढ़ाया जाएगा। इसके लिए सेंट्रल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लाइब्रेरी, एनोटमी, फिजियालॉजी व बायोकेमेस्ट्री डिपार्टमेंट पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। विद्यार्थियों को पूरी जानकारी देने के बाद उन्हे हॉस्टल अलॉट कर दिए गए। डायरेक्टर ने विद्यार्थियों को समझाया कि कॉलेज में रेगिंग पर बैन है। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर डॉ. हिमांशु, डॉ. ज्योति, एमएस डॉ. जगदीश दुरेजा, डॉ. रविंद्र संधु, प्रताप, सुमेर, रामकुमार सहित अन्य डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद रहे।