संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक व्यक्ति ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज और एनडीआरआई में नौकरी लगवाने के नाम पर कई गांवों की 90 महिलाओं से 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिलाओं ने 30 अगस्त को इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव सुहाना निवासी पुष्पा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20-25 दिन पहले गांव पाढ़ा निवासी रमेश चंद्र उसे गांव सुहाना में मिला था। आरोपी ने उससे कहा कि उसके गांव की कोई महिला नौकरी करना चाहती है तो वह उसको कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज या एनडीआरआई में नौकरी लगवा सकता है। जिसके लिए प्रति महिला फार्म के साथ एक हजार रुपये लगेंगे। पहले उसने अपना फार्म, आधार कार्ड लगाकर और एक हजार रुपये आरोपी रमेश को दिए। उसके बाद गांव से ही लगभग 50 महिलाओं को आरोपी से मिलवाया। जिन्होंने फार्म सहित एक-एक हजार रुपये उसको दे दिए। उसके बाद वह फरार हो गया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें पता लगा कि कई गांवों की महिलाओं से ठगी की है। वहीं गांव टपराणा की सीमा ने बताया कि आरोपी रमेश ने नौकरी लगवाने के नाम पर उसने गांव की 40 महिलाओं से एक-एक हजार रुपये लिए हैं। लेकिन आज तक किसी को नौकरी पर नहीं लगवाया। पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।