संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अमेरिका भेजने के नाम पर 46 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में शाहपुर पानीपत निवासी नवदीप ने बताया कि दिल्ली निवासी एजेंट राजेश यादव ने 2022 में उसके भाई को अमेरिका भेजा था। जुलाई 2023 में राजेश ने उसे भी अमेरिका भिजवाने का झांसा देकर कहा कि वह 38 लाख रुपये में अमेरिका भिजवा देगा। वह उसकी बातों में आ गया। उसने आरोपी को 10 लाख रुपये दे दिए और चार हजार डॉलर भी दिए।
14 जुलाई को उसने लॉश देश की टिकट करा दी। वहां उसे 15 दिन तक एक होटल में रखा। इसके बाद उसे वापस दिल्ली बुला लिया। इस दौरान उसने आठ लाख रुपये मांगे जो उसके जीजा ने आरोपी के खाते में डलवा दिए। इसके बाद वह उसे रूस लेकर गया। वहां दो हजार डॉलर मांगे। इसके बाद दुबई, कंबोडिया, कजाखस्तान सहित अन्य देशों में घुमाया और उससे 46 लाख रुपये ले लिए लेकिन उसे अमेरिका नहीं भेजा।