अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं नॉर्थ जोन कल्चर केंद्र पटियाला द्वारा देश के विभिन्न प्रांतों में प्रायोजित किये जा रहे अखिल भारतीय लोक कला महोत्सव का आयोजन पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज में हुआ। जिसमें डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं हरियाणवी लोक साहित्य, संस्कृति के विद्वान, कवि, प्रसिद्ध गायक, डॉ. रामपाल सैनी को लोक संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ. सैनी को यह सम्मान हरियाणवी विरासत को संजोये रखने और उसके प्रचार-प्रसार में अकथनीय योगदान को देखते हुऐ ऑल इंडिया फेस्टीवल कमेटी नई दिल्ली के चेयरमैन निर्मल वैध, कर्नाटका सहास कला अकादमी के संस्थापक सचिव एवं मुख्य संयोजक हसन राघु, ऑल इंडिया लख्मी चंद कला एवं साहित्य संस्कृति विकास मंच हरियाणा के चेयरमैन विरेंद्र शर्मा तथा महिला उत्थान समिति पानीपत की संयोजक रजनी बैनीवाल द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. सैनी से जब इस विषय में बात हुई तो उन्होंने बताया कि वह आगे भी पुरी जिम्मेदारी के साथ अपने क्षेत्र में हरियाणवी संस्कृति का विकास करेंगे और हरियाणवी विरासत को संजोये रखने के लिए प्रचार-प्रसार करेंगे। डॉ. आरपी सैनी हरियाणा कॉलेज टीचर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं। उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए भारत शिक्षक विद्या रत्न अवार्ड और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वह ग्लोबल हिंदी साहित्य एवं शोध संस्थान में प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।