रिजनल ड्रग वेयर हाउस का लेंटर गिरा, लाखों की दवाईयां दबी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जीटी रोड स्थित नई अनाज मंडी के समीप रिजनल ड्रग वेयर हाउस की बिल्डिंग का लेंटर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान वेयर हाउस में कोई व्यक्ति नहीं था। लेंटर गिरने से लाखों रुपयों की दवाईयां खराब होने का अनुमान लगाया जा रहा है। लेकिन बताया जा रहा है कि दवाइयों का इंश्योरेंस करवाया हुआ था। पुलिस व विभाग के उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि इस रिजनल वेयर हाउस से जिला करनाल, कुरूक्षेत्र व पानीपत में दवाईयां सप्लाई होती हैं। रिजनल ड्रग वेयर हाउस के मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव ने बताया कि उसे शाम को सूचना मिली थी कि वेयर हाउस के एक हिस्से का लेंटर गिर गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। वेयर हाउस में दवाइयां के ऊपर ही लेंटर गिरा हुआ था। इसकी सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी है। डॉक्टर गौरव ने बताया कि इन दवाईयों का इंश्योरेंस किया हुआ है।