माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अवकाश होने के कारण रविवार को करनाल सहित सभी प्रमुख मंडियों में गेहूं की खरीद लगभग बंद रही। कुछ मंडियों व खरीद केंद्रों पर ही कुल 7430 क्विंटल की ही खरीद हो सकी। अब जिले में कुल 7323370 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। इसमें से 6936440 क्विंटल की लिफ्टिंग कर ली गई है। अभी 386930 क्विंटल गेहूं मंडियों में पड़ा है। इसमें से करीब 50 प्रतिशत तो शेडों में हैं लेकिन शेष गेहूं खुले में पड़ा है, जो बारिश में भीग रहा है। हालांकि ये गेहूं बोरियों में है। ऊपर से तिरपाल आदि भी डाला गया, लेकिन फिर भी जमीन पर पानी भरने से गेहूं की गुणवत्ता खराब होने की आशंका प्रबल हो गई है।
करनाल अनाज मंडी सहित जिले की सभी अनाज मंडियों में 3.86 लाख क्विंटव गेहूं पड़ा है। खरीद एजेंसियों की ओर से लिफ्टिंग तो कराई जा रही है, लेकिन अभी तक मंडियां खाली नहीं हो सकी हैं। अधिकतर मंडियों में शेडों के किनारे वाली जगह ऊबड़-खाबड़ है, जहां पानी भर जाता है। आढ़तियों का कहना है कि गेहूं के चट्ठे लगा दिए गए हैं, ऊपर से तिरपाल से भी ढका गया है लेकिन नीचे से जो पानी आएगा उससे बोरियों के नीचे का गेहूं खराब हो सकता है। कई मंडियों में अभी उठान काफी कम हुआ है।