घरौंडा। रेलवे रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास एक युवक के साथ मारपीट कर 32 हजार रुपये छीन लिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उस पर कट्टे से प्रहार भी किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर 10 के रहने वाले संदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह रात लगभग साढ़े आठ बजे अपने घर से पार्क में घूमने गया था। जब वह वापस अपने घर आ रहा था तो रास्ते में पंजाब नेशनल बैंक के सामने दो युवक उनकी गली के एक युवक सावन के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और रुपयों की मांग की। मना करने पर उन युवकों ने उसके साथ भी हाथापाई की और हमला कर दिया। बाद में उन्होंने सात -आठ युवक और बुला लिए और कट्टे से उस पर प्रहार किया। हमलावारो ने उसकी जेब से 32 हजार रुपये निकाल लिए। संवाद