अमर उजाला ब्यूरो
निसिंग (करनाल)। शहर के डाचर रोड स्थित एक निजी स्कूल के पास शनिवार को दिनदहाड़े करीब ढाई लाख रुपये की नकदी लूटकर अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश लुटेरे फरार हो गए। लूट के शिकार व्यक्ति 38 वर्षीय डाचर रोड स्थित एक डेरा निवासी गुलजार सिंह ने बताया कि वह और उसका बड़ा भाई मुख्तयार सिंह निसिंग की नई अनाज मंडी स्थित एक आढ़त की दुकान से ढाई लाख रुपये की नकदी लेकर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर डाचर रोड स्थित अपने डेरे पर जा रहे थे। इसी दौरान, बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति हमारे पीछे आ रहे थे। जैसे ही हम डाचर रोड पर एक निजी स्कूल के पास पहुंचे तो उन्होंने बाइक को हमारे पास लाकर मेरे हाथों से 2.5 लाख रुपये का बैग छीन लिया और फरार हो गए। कुछ दूरी तक हमने उनका पीछा भी किया, लेकिन वो हाथ नहीं आए। इसकी सूचना हमने थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच अज्ञात लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुभाष का कहना है कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते दिनों दो ऐसी घटनाएं शहर में घटित हो चुकी हैं, लेकिन थाना पुलिस इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है।