सिविल अस्पताल में नवजात बच्चों के लिए एसएनसीयू वार्ड शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
ओएसडी अमरेंद्र सिंह ने नागरिक अस्पताल में नवजात बच्चों के लिए एसएनसीयू वार्ड की शुरुआत की। इससे नवजात बच्चों को बीमारियों के उपचार के लिए नि:शुल्क सुविधा मिल सकेगी। इससे पहले नवजात बच्चों को सांस की दिक्कत और वजन कम होने की बीमारी के कारण चंडीगढ़ रेफर करना पड़ता था। यह यूनिट पिछले आठ माह से बंद थी, इसे दोबारा से चालू कराया गया है। ओएसडी अमरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल की प्रथम मंजिल पर नवजात बच्चों की प्रत्येक बीमारी के उपचार के लिए एसएनसीयू वार्ड की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सामान्य अस्पताल के पुराने भवन में नागरिक अस्पताल चलाने का निर्णय लिया। इस अस्पताल में सभी सुविधाएं मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज नवजात बच्चों के लिए स्पेशल वार्ड की शुरुआत की गई है। इस वार्ड में 15 बैड की सुविधा होगी। इस अस्पताल में यह सुविधा मुफ्त दी जाएगी, जबकि निजी अस्पतालों में लोगों को प्रतिदिन 10 से 15 हजार रुपये का खर्च करना पड़ता था। सीएमओ डा. योगेश शर्मा ने बताया कि नागरिक अस्पताल में स्पेशल वार्ड बनने से एक महीने तक के बच्चों को अंडरवेट, पीलिया, शुगर, खून की कमी, सांस लेने में किसी भी प्रकार की दिक्कत आदि बीमारियों का निशुल्क उपचार होगा। नवजात के उपचार में प्रयोग होने वाली सभी दवाईयां भी मुफ्त दी जाएगी। इस मौके पर डॉ. पीयूष शर्मा, डॉ. संजीव ग्रोवर, भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, समाजसेवी बृज गुप्ता, भाजपा कार्यकर्ता अशोक मदान, कुलदीप शर्मा, सुनील गोयल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।